Navodaya Vidyalaya Admission 2026: अगर आप बिहार से हैं और अपने बच्चों के लिए अच्छी और मुफ्त शिक्षा की तलाश कर रहे हैं तो आपके लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक़ बिहार के गया जिले के बजौरा गांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गया-2 में 11वीं कक्षा के कॉमर्स संकाय में नामांकन के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। खास बात यह है कि यह पूरी प्रक्रिया ऑफलाइन मोड में चल रही है और यहां ऑन-स्पॉट एडमिशन दिया जा रहा है, यानी मौके पर जाकर ही दाखिला लिया जा सकता है।
कुल कितनी सीट खाली हैं
बजौरा नवोदय विद्यालय में कॉमर्स संकाय की कुल 40 सीटें निर्धारित हैं, जिनमें से अब तक करीब 15 छात्रों ने नामांकन करा लिया है। ऐसे में अभी भी 25 सीटें खाली बची हुई हैं, और इन्हीं सीटों को भरने के लिए नवोदय विद्यालय समिति ने जिले भर के साथ-साथ राज्य भर के छात्रों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आवेदन के लिए योग्यता
इस एडमिशन के लिए पात्रता की शर्तें ज्यादा जटिल नहीं हैं। एनवीएस (नवोदय विद्यालय समिति) के नोटिफिकेशन के अनुसार, इस वर्ष किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक (10वीं) की परीक्षा में 60% से अधिक अंक हासिल करने वाले छात्र इसके लिए पात्र माने जाएंगे।
इसके साथ ही आयु सीमा का भी ध्यान रखना जरूरी है। आवेदन करने वाले छात्र का जन्म 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होना चाहिए। सबसे राहत की बात यह है कि इस दाखिले के लिए सिर्फ गया जिले के ही नहीं, बल्कि बिहार के किसी भी जिले के छात्र आवेदन कर सकते हैं।
Also Read: DAV School Notification
अड्मिशन से जुड़ी जरूरी जानकारी
| विवरण | जानकारी |
|---|---|
| विद्यालय का नाम | जवाहर नवोदय विद्यालय, गया-2 (बजौरा) |
| कक्षा और संकाय | 11वीं, कॉमर्स |
| कुल स्वीकृत सीटें | 40 |
| अब तक हुए नामांकन | लगभग 15 |
| खाली सीटें | लगभग 25 |
| न्यूनतम योग्यता | मैट्रिक में 60% से अधिक अंक |
| जन्मतिथि की सीमा | 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच |
| आवेदन का तरीका | ऑफलाइन, ऑन-स्पॉट एडमिशन |
| पात्र छात्र | बिहार के किसी भी जिले के छात्र |
विद्यालय के प्रधानाचार्य भुवनेश्वर शाह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन की प्रक्रिया अभी जारी रहेगी, और 60% से अधिक अंक हासिल करने वाले इच्छुक छात्र सीधे विद्यालय आकर कॉमर्स विषय में नामांकन ले सकते हैं।
नवोदय विद्यालय में दी जाने वाली सुविधाएं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जवाहर नवोदय विद्यालय को देश के सबसे बेहतरीन सरकारी आवासीय विद्यालयों में गिना जाता है। यहां कक्षा 6वीं से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई सीबीएसई पाठ्यक्रम के आधार पर कराई जाती है। खास बात यह है कि यहां सिर्फ छठी कक्षा में ही नहीं, बल्कि 9वीं और 11वीं कक्षा में भी सीधे दाखिला लिया जाता है।
गरीब और जरूरतमंद परिवारों के छात्रों के लिए यह विद्यालय किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि यहां पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त होने के साथ-साथ छात्रों को हॉस्टल, भोजन, किताबें, यूनिफॉर्म और खेलकूद जैसी तमाम बुनियादी सुविधाएं भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा विद्यालय में संगीत, कला और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जाता है, ताकि छात्रों का सर्वांगीण विकास हो सके।
अधिक जानकारी के लिए आप इसकी ऑफिशियल वेबसाइट पर जा सकतें हैं। Click Here




