सैनिक स्कूल में पढ़ने का सपना देखने वाले बच्चों के लिए अच्छी खबर है। सत्र 2027-28 में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई हैं। माता-पिता फॉर्म भरने से पहले पात्रता की शर्तें जरूर जांच लें।
UP Sainik School Admission: राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (आरएमएस) और उत्तर प्रदेश के सैनिक स्कूलों में सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए दो अलग-अलग परीक्षाएं होंगी। एक है राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (आरएमएस सीईटी-2026) और दूसरी यूपी सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा। दोनों के लिए आवेदन अलग-अलग वेबसाइटों पर करने होंगे। नियमित आवेदन की प्रक्रिया अक्टूबर में ही पूरी हो जाएगी, इसलिए अभिभावकों को समय पर फॉर्म भरने की सलाह दी गई है। निचे एडमिशन से जुडी पूरी डिटेल दी गई है।
20 अक्टूबर आवेदन की अंतिम तिथि
यह परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) कराएगी। जारी किये गए नोटिस के अनुसार आवेदन करने की आखिरी तारीख 20 अक्टूबर 2026 है। उम्मीदवार उस दिन शाम पांच बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इसके बाद 21 से 25 अक्टूबर तक अतिरिक्त शुल्क देकर भी आवेदन किया जा सकेगा।
कक्षा 6 और 9 में दाखिले की लिखित परीक्षा 13 दिसंबर को होगी। परीक्षा ओएमआर शीट पर आधारित होगी। इस परीक्षा से देश के पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में दाखिला मिलता है।
बच्चों की उम्र सीमा
- कक्षा 6 के लिए बच्चे का जन्म 1 अप्रैल 2014 से 31 मार्च 2017 के बीच होना चाहिए।
- कक्षा 9 के लिए जन्म 1 अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2014 के बीच होना चाहिए।
उम्र में छूट और दूसरी शर्तों की जानकारी आधिकारिक सूचना पुस्तिका में मिल जाएगी।
उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए नियमित आवेदन 25 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक किए जा सकेंगे। देरी से आवेदन करने वाले 31 अक्टूबर तक फॉर्म भर सकते हैं। परीक्षा की संभावित तारीख 20 दिसंबर रखी गई है।
इस परीक्षा से लखनऊ के कैप्टन मनोज कुमार पांडेय यूपी सैनिक स्कूल और गोरखपुर के यूपी सैनिक स्कूल में दाखिला दिया जाएगा। दोनों स्कूलों में कक्षा के हिसाब से पात्रता और सीटों की शर्तें अलग-अलग हैं।
यूपी सैनिक स्कूल प्रवेश की जरूरी तारीखें
- 25 अक्टूबर: ऑनलाइन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख
- 26 से 31 अक्टूबर: दो हजार रुपये लेट फीस के साथ फॉर्म भरने का मौका
- 3 से 5 नवंबर: फॉर्म की गलतियां सुधारने के लिए सुधार की सुविधा खुली रहेगी
- 20 दिसंबर: प्रवेश परीक्षा
- 24 दिसंबर: स्कूल की वेबसाइट पर उत्तर कुंजी जारी होगी
- 30 दिसंबर: लिखित परीक्षा का नतीजा आएगा
- 7 जनवरी: इंटरव्यू के लिए कॉल लेटर जारी होंगे
- 1 से 28 फरवरी: मेडिकल जांच और इंटरव्यू
- 15 से 20 मार्च: अंतिम नतीजे जारी होंगे
लिखित परीक्षा के लिए 10 शहरों में केंद्र बनाए जाएंगे।
फीस: सामान्य फीस हर साल 50 हजार रुपये है। सेल्फ-फाइनेंस सीटों पर सालाना एक लाख रुपये फीस लगेगी।
आवेदन से पहले इन बातों की जांच करें
प्रवेश परीक्षा विशेषज्ञ और विनीत कोचिंग एंड गाइडेंस सेंटर (वीसीजीसी) के निदेशक विनीत शर्मा के अनुसार, अभिभावकों को आवेदन से पहले बच्चे की जन्मतिथि, मौजूदा कक्षा, निवास प्रमाणपत्र और स्कूल के हिसाब से सीटों की शर्तें देख लेनी चाहिए। दोनों परीक्षाओं के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा।
आवेदन से पहले ताजा निर्देश जरूर पढ़ें। वेबसाइट ये हैं:
- आरएमएस सीईटी: https://exams.nta.nic.in/rmscet/
- यूपी सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा: https://entranceexam.upsainikschool.org/
लखनऊ और गोरखपुर में सीटों के नियम
- लखनऊ, कक्षा 6: सिर्फ लड़के आवेदन कर सकते हैं।
- गोरखपुर, कक्षा 6: लड़के और लड़कियां दोनों आवेदन कर सकते हैं।
- कक्षा 9: दोनों स्कूलों में लड़के और लड़कियां आवेदन कर सकते हैं। हालांकि लखनऊ में कक्षा 9 के लड़कों के लिए सिर्फ स्ववित्तपोषित (सेल्फ फाइनेंस) सीटें हैं।
- निवास की शर्त: उम्मीदवार और उसके पिता, दोनों का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है।
प्रदेश में कहां-कहां हैं सैनिक स्कूल
उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, लखनऊ, झांसी, मैनपुरी, अमेठी और प्रयागराज में सैनिक स्कूल चल रहे हैं, जबकि राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों के कैंपस दूसरे राज्यों में हैं। इन स्कूलों में पढ़ाई के साथ बच्चों को सेना से जुड़ा प्रशिक्षण भी दिया जाता है।




